लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा | (दुर्योधन मयंक) सोमवार को ग्राम उत्थान शिविर के आयोजन के दौरान देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।
विधायक गुर्जर ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीणों को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मौके पर जनसुनवाई करते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
फुलेता, बालापुरा एवं भोजपुरा गांव के ग्रामीणों ने बिसलपुर पेयजल परियोजना का पानी नहीं आने सहित अन्य समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। इस पर विधायक ने बिसलपुर पेयजल परियोजना के सहायक अभियंता अंकुर सैनी से मौके पर जवाब तलब करते हुए तीन दिवस में समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने फुलेता ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पूर्व में आवंटित भूमि पर ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने, बिसलपुर नहर की सफाई व मरम्मत नहीं होने से खेतों में पानी भरने की समस्या, अतिक्रमण हटाने, पेयजल, बिजली, राजस्व एवं चिकित्सा विभाग से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक राजेंद्र गुर्जर ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं उपखंड अधिकारी पूजा मीना ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को फार्म पॉण्ड, मंगला पशु बीमा योजना के चेक वितरित किए तथा मृदा परीक्षण कार्ड सहित अन्य विभागों के कार्ड प्रदान किए।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी पूजा मीना, तहसीलदार पूजा मीणा, विकास अधिकारी शंकर सिंह, ककोड़ मंडल अध्यक्ष महावीर गुर्जर, ग्राम पंचायत प्रशासक सरिता मीणा, ग्राम विकास अधिकारी सीताराम चौधरी सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



















































