लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कृषि, आवास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से ग्रामीणों को मिला बड़ा संबल
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की अनुपालना में “ग्राम उत्थान शिविर – सशक्त किसान, समृद्ध राजस्थान” अभियान के तहत पंचायत समिति सुमेरपुर (पाली) की ग्राम पंचायत पावा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रविवार को आयोजित शिविर ग्रामीण विकास की सशक्त मिसाल बनकर उभरा। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को वैधानिक अधिकार मिलने के साथ-साथ सुरक्षित आवास का सपना भी साकार हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने लाभार्थियों को आशियाने का मालिकाना हक सौंपा। ग्राम पंचायत द्वारा छह लाभार्थियों—भंवरलाल, पोची देवी, ताराचंद, लोहरी, श्रवण कुमार एवं मदन गिरी—को स्वामित्व कार्ड एवं पट्टा प्रदान किए गए, जिससे उन्हें उनके आवास का वैध अधिकार प्राप्त हुआ।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत खेताराम मीणा, जमूदेवी पत्नी पुराराम मीणा (निवासी पावा), हेमाराम तथा तोलाराम मीणा (निवासी भारूच) को आवास निर्माण हेतु स्वीकृत राशि के चेक सौंपे गए। लाभार्थियों ने बताया कि पहले कच्चे मकानों में रहने के कारण विशेषकर बारिश के समय काफी परेशानी होती थी, जो अब पक्का आवास मिलने से दूर हो जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुपालक किसानों नारायण सिंह, सुमित्रा, हस्तुदेवी एवं लीला देवी को बीमा पॉलिसी वितरित की गई। वहीं कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत हिम्मताराम, कन्या देवी, छोग सिंह और नारायण सिंह को कृषि यंत्र, तारबंदी, पाइपलाइन स्वीकृति पत्र एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए गए।
लाभार्थियों ने पंचायत प्रशासन, उपखंड एवं जिला स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम उत्थान शिविर जैसे आयोजन योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में बेहद प्रभावी साबित हो रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी धन्यवाद व्यक्त किया।
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि ग्राम उत्थान शिविर यह साबित करता है कि योजनाबद्ध प्रशासनिक प्रयास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण जीवन में स्थायी और वास्तविक बदलाव संभव है।

संकटग्रस्त कृषक परिवारों को मिला सहारा
पावा में आयोजित शिविर दो संकटग्रस्त कृषक परिवारों के लिए आशा की नई किरण साबित हुआ। खेती कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में परिवार के मुखिया की मृत्यु या अंग-भंग होने से ये परिवार गंभीर आर्थिक संकट में आ गए थे। शिविर में पीड़ित परिवारों ने अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्थान सरकार की राजीव गांधी कृषक साथी सहायता योजना के तहत मौके पर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी करवाई और दुर्घटना में मृत्यु की स्थिति में 2 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई। इस दौरान कस्तुदेवी पत्नी घीसाराम कुम्हार (निवासी दुजाना) और सोदरी पत्नी गजाराम देवासी (निवासी पोसालिया) को कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सहायता राशि के चेक सौंपे।
लाभार्थी परिवारों ने कहा कि समय पर मिली आर्थिक सहायता से उन्हें जीवन संभालने का नया साहस मिला है।
इस अवसर पर पाली सरस डेयरी अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, ढोला ग्राम पंचायत सरपंच एवं सरपंच संघ सुमेरपुर अध्यक्ष मेघाराम परमार, पावा सरपंच करूणा राजपुरोहित, पूर्व पंचायत समिति सदस्य भगवत सिंह जोधा, तहसीलदार हिमांशु कच्छावा, भाजपा महामंत्री मुकेश मोदी, कृषि उपज मंडी समिति सुमेरपुर सचिव पूरण सिंह जैतावत, एईएन नरेंद्र कुमावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।















































