लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
73 लाख पात्रों को लाभ
जयपुर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बुधवार को सचिवालय में प्रेस वार्ता करते हुए गिव अप अभियान और खाद्य सुरक्षा में हुई प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर 2024 से शुरू हुए गिव अप अभियान में अब तक 54.36 लाख संपन्न लोगों ने स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा सूची से अपना नाम हटवाया है।
मंत्री गोदारा ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से अपात्र लाभार्थियों द्वारा सूची छोड़ने और 27 लाख एनएफएसए लाभार्थियों द्वारा ई-केवाईसी न करवाने से कुल 81 लाख रिक्तियां बनीं, जिनमें से लगभग 73 लाख वंचित पात्रों को अब खाद्य सुरक्षा से जोड़ा जा चुका है। जयपुर जिले में सबसे अधिक 3.17 लाख लाभार्थियों को लाभ दिया गया, जबकि बाड़मेर और सीकर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
गोदारा ने यह भी बताया कि राजस्थान देश का एकमात्र राज्य है, जहाँ एनएफएसए में अभी भी लगभग 11 लाख रिक्तियां मौजूद हैं। नए लाभार्थियों को सूची में जोड़ने के लिए विभागीय अधिकारी माह में 8 दिन फील्ड विजिट कर पात्रता सुनिश्चित कर रहे हैं।
साथ ही मंत्री ने तीन जिलों—जयपुर, भरतपुर और बीकानेर—में अनाज एटीएम खोलने की घोषणा की। इसके माध्यम से लाभार्थी अपने राशन कार्ड का उपयोग करके उचित मूल्य दुकानों पर जाए बिना सीधे अनाज प्राप्त कर सकेंगे।
मंत्री गोदारा ने कहा कि गिव अप अभियान और पात्र लाभार्थियों को जोड़ने की प्रक्रिया के माध्यम से खाद्य सुरक्षा सूची का शुद्धिकरण किया जा रहा है और केवल योग्य लाभार्थियों को ही लाभ दिया जा रहा है।


















































