Home latest जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार ने किया नेत्रदान जागरूकता पोस्टर का विमोचन

जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार ने किया नेत्रदान जागरूकता पोस्टर का विमोचन

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। लायंस क्लब नागौर अहिछत्रपुर द्वारा नेत्रदान दिवस के अवसर पर नेत्रदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किए गए “नेत्रदान महादान” जागरूकता पोस्टर का विमोचन जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर नेत्रदान के महत्व पर चर्चा करते हुए उपस्थित लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया गया तथा नेत्रदान शपथ पत्र भी भरवाए गए।

जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार ने कहा कि नेत्रदान मानव सेवा का एक श्रेष्ठ माध्यम है। किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके नेत्र दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में नई रोशनी ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आना चाहिए।

लायंस क्लब नागौर अहिछत्रपुर के अध्यक्ष लायन नितिन मित्तल ने बताया कि क्लब द्वारा समय-समय पर विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। नेत्रदान जागरूकता अभियान भी इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि मृत्यु के उपरांत छह घंटे तक नेत्रदान किया जा सकता है, इसलिए समय पर सूचना देकर जरूरतमंदों को दृष्टि प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

क्लब के संरक्षक लायन सुरेश पारीक ने कहा कि नेत्रदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी के जीवन में उजाला भरने का माध्यम है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस विषय में जागरूक होकर अपने परिवारजनों को भी नेत्रदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को नेत्रदान की प्रक्रिया, इसके लाभ तथा आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही अनेक लोगों ने स्वेच्छा से नेत्रदान शपथ पत्र भरकर नेत्रदान का संकल्प लिया।

इस अवसर पर लायंस क्लब नागौर अहिछत्रपुर के अध्यक्ष लायन नितिन मित्तल, संरक्षक लायन सुरेश पारीक, लायन अजीत कुमार ओझा, लायन जुगल किशोर ख्यातानी, लायन दिलीप पित्ती, लायन मुनेन्द्र सुराणा एवं लायन प्रमिल नाहटा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने अधिक से अधिक लोगों तक नेत्रदान का संदेश पहुंचाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version