लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से संवाददाता : नितिन मेहरा
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने चित्रकला प्रतियोगिता में विजेताओं को किया सम्मानित
अजमेर। भारतीय जनता पार्टी की शहर इकाई द्वारा विकसित भारत एवं आत्मनिर्भर भारत विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रेमचन्द बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह कार्यक्रम गुजराती उच्च माध्यमिक विद्यालय में संपन्न हुआ। उपमुख्यमंत्री ने चित्रकला प्रतियोगिता का अवलोकन करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि यह आयोजन युवाओं में राष्ट्र निर्माण, नवाचार और तकनीकी विकास के प्रति रुचि बढ़ाने का एक रचनात्मक प्रयास है।
डॉ. बैरवा ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से यह समझने का अवसर मिलता है कि देश का युवा वर्ष 2047 में किस प्रकार का भारत देखना चाहता है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के सपनों का भारत विकसित भारत के रूप में साकार होगा।
उन्होंने आगे कहा कि चित्रकला जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों को अपनी सोच और दृष्टिकोण व्यक्त करने का अवसर देती हैं। आज के समय में शिक्षा के साथ कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना ही अपने आप में उपलब्धि है और जो विजेता नहीं बन पाए उन्हें निराश नहीं होकर लगातार प्रयासरत रहना चाहिए।
कार्यक्रम में सायरा बानो को प्रथम स्थान, खुशी चौहान को द्वितीय स्थान तथा वंशिका बाकलीवाल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उपमुख्यमंत्री ने विजेताओं को दुपट्टा, प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने बताया कि चित्रकला प्रतियोगिता अजमेर शहर के सभी 13 मंडलों में आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत 100 से अधिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रतियोगिताएँ करवाई जाएंगी। इसमें युवाओं ने विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और स्वदेशी जैसे विषयों पर अपनी परिकल्पनाओं को रंगों में उकेरा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल एक नारा नहीं बल्कि एक संकल्प है, जिसे कर्म से सिद्ध करना होगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक रचित कच्छावा ने किया। इस अवसर पर उपमहापौर नीरज जैन, सहसंयोजक संतोष मौर्य, ट्रस्टी चंद्रकांत पटेल, कन्हैयालाल शर्मा, नितिन मेहता, राजेश अंबानी, प्रकाश जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।