Home latest   ‘विकसित भारत-2047’ 140 करोड़ भारतीयों का महायज्ञ — वासुदेव देवनानी

  ‘विकसित भारत-2047’ 140 करोड़ भारतीयों का महायज्ञ — वासुदेव देवनानी

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क


नितिन मेहरा वरिष्ठ संवाददाता, (राजस्थान)

चंडीगढ़/जयपुर। राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा विधानसभा में आयोजित राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (CPA) जोन-द्वितीय सम्मेलन को संबोधित किया। ‘विकसित भारत-2047 के लक्ष्यों एवं भावी चुनौतियों को साकार करने में जागरूक समाज एवं विधायकों की भूमिका’ विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर, समृद्ध और समावेशी राष्ट्र बनाना केवल सरकार का एजेंडा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक आकांक्षा का महायज्ञ है।

अंतिम व्यक्ति के उत्थान से ही होगा वास्तविक विकास

देवनानी ने कहा कि विकसित भारत केवल आर्थिक आंकड़ों की वृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि वास्तविक विकास तब माना जाएगा जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक प्रगति पहुंचे। उन्होंने सामाजिक समरसता, तकनीकी नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और सुशासन को मजबूत लोकतंत्र की नींव बताया।

नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, शहरीकरण, कौशल विकास और वैश्विक अस्थिरता जैसी चुनौतियों का समाधान केवल सरकार अकेले नहीं कर सकती। इसके लिए सजग नागरिक समाज और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों का संयुक्त प्रयास आवश्यक है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना होगा।

AI और साइबर क्राइम पर सख्त कानूनों की जरूरत

अपने संबोधन में देवनानी ने कहा कि आधुनिक समय में जनप्रतिनिधियों की भूमिका नीति निर्माता और दूरदर्शी नेता के रूप में और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ई-गवर्नेंस और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर प्रभावी कानून बनाना समय की आवश्यकता है।

डिजिटल और पेपरलेस विधानसभा का उल्लेख

उन्होंने बताया कि राजस्थान विधानसभा को अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए डिजिटल तकनीकों को अपनाया गया है। अब विधानसभा की कार्यवाही, प्रश्नोत्तर और विधायी दस्तावेज ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे पेपरलेस व्यवस्था को बढ़ावा मिला है।

युवा शक्ति पर दिया जोर

देवनानी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है और स्टार्टअप, डिजिटल इकोनॉमी तथा नवाचार के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उचित अवसर मिलने पर युवा राष्ट्र निर्माण में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश, हरियाणा राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष सहित कई राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version