Home latest वैशाखी अमावस्या पर काबरी महादेव मंदिर में दो दिवसीय मेले का शुभारंभ 

वैशाखी अमावस्या पर काबरी महादेव मंदिर में दो दिवसीय मेले का शुभारंभ 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

राजसमंद। (गौतम शर्मा) राजसमंद जिले के प्राचीन काबरी महादेव मंदिर में वैशाखी अमावस्या के पावन अवसर पर दो दिवसीय मेले का भव्य शुभारंभ हो गया। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं विशेष रूप से महिलाओं में खरीददारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

मंदिर के पुजारी मुकेश पुरी गोस्वामी ने बताया कि अमावस्या के दिन से ही मेले की शुरुआत हो गई। सुबह से ही शिव भक्तों का मंदिर में तांता लगा रहा, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मेले में श्रद्धालुओं और मेलार्थियों ने मनिहारी एवं श्रृंगार की वस्तुओं की जमकर खरीददारी की। इसके अलावा आइसक्रीम, चाट-पकोड़ी, गन्ने का रस और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ नजर आई।

मेले में करतवास, काबरी, कलामतो का खेड़ा, गलवा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। पूरा मेला परिसर धार्मिक आस्था, उत्सव और उल्लास के माहौल से सराबोर दिखाई दे रहा है।

आयोजन के दौरान स्थानीय प्रशासन एवं मंदिर समिति द्वारा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version