लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पुष्कर में हनुमंत कथा में लिया आशीर्वाद
अजमेर। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार को तीर्थराज पुष्कर की पावन धरा पर आयोजित तीन दिवसीय हनुमंत कथा में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (पीठाधीश्वर, बागेश्वर धाम सरकार) का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
उप मुख्यमंत्री ने पारंपरिक विधि-विधान से पूज्य शास्त्री जी का सत्कार करते हुए कहा कि सनातन धर्म के संतों के मार्गदर्शन में ही समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रभावना का सशक्त संवर्धन संभव है।
उन्होंने कहा कि तीर्थराज पुष्कर में आयोजित हनुमंत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था के पुनर्जागरण का महोत्सव है। जगत पिता ब्रह्मा जी की उपस्थिति के कारण पुष्कर को तीर्थराज कहा जाता है और यहां का सरोवर विश्व विख्यात है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी की ओजस्वी वाणी से युवाओं में भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व की भावना जागृत होती है तथा वे अपनी जड़ों से जुड़ने के लिए प्रेरित होते हैं। ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से सामाजिक समरसता, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को बल मिलता है।
इस अवसर पर राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।