लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कानून व्यवस्था को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
उनियारा। उनियारा वृत्त के नव नियुक्त पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अशोक कुमार ने शनिवार दोपहर शुभ मुहूर्त में अपना कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कार्यालय में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत डीएसपी अशोक कुमार ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता पुलिस टीम के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सामूहिक रूप से कार्य करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास का मजबूत होना आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधी कितना भी प्रभावशाली या ताकतवर क्यों न हो, उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी ने कहा कि अवैध बजरी खनन के विरुद्ध कार्रवाई का मुख्य दायित्व खान विभाग का है, लेकिन ऐसे मामलों में पुलिस भी सक्रिय सहयोग करती है और आगे भी अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही अवैध शराब कारोबार एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि वृत्त के सभी थाना क्षेत्रों के अपराध संबंधी आंकड़ों एवं रिकॉर्ड का अध्ययन किया जाएगा। इसके आधार पर पुलिस टीम के साथ मिलकर प्रभावी रणनीति तैयार कर अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
अशोक कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।