लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर।
रिपोर्ट : बनी सिंह मीना
गंगापुर सिटी क्षेत्र में गत रात्रि ट्रक और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मीणापाड़ा गांव के समीप हुआ, जहां बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस पहुंची और घायल युवक को तत्काल गंगापुर सिटी के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
मृतक की पहचान गौरव मीना पुत्र विनोद कुमार, निवासी सैमरदा, जिला करौली के रूप में हुई है। बताया गया है कि मृतक का पोस्टमार्टम परिजनों की उपस्थिति में किया जाएगा।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं मृतक के परिजनों ने सदर थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
