लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
पीसांगन (अजमेर)। स्थानीय संवाददाता – ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन उपखंड क्षेत्र के मांगलियावास थाना अंतर्गत बिडकचियावास गांव में गुरुवार को फसल की बिजाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। खेत की मेड़ के पास ट्रैक्टर पलटने से किसान मिठू गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक मिठू गुर्जर अपने सामलाती खेत में बीज व खाद लेकर बिजाई कार्य कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक छोटू गुर्जर ने वाहन को तेज गति व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए ट्रैक्टर पलट दिया। हादसे के समय मिठू मेड़ के सहारे खड़ा था और ट्रैक्टर के नीचे दब गया। परिजनों द्वारा घायल अवस्था में उसे पीसांगन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर एएसआई आरिफ खान एवं बिट अधिकारी सांवराराम फड़ोदा मौके पर पहुंचे और शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम करवाया गया।
थानाधिकारी दिनेश चौधरी ने बताया कि मृतक के बड़े पिता मादा गुर्जर की रिपोर्ट पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही सरपंच भैरूलाल धांधड़ा, पूर्व सरपंच भैरूलाल गुर्जर, पूर्व उप सरपंच नारायणलाल गुर्जर सहित कई ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। गांव में हादसे के बाद शोक की लहर व्याप्त है।