Home accident सूंटे के साथ आई तेज आंधी में कार पर गिरी दीवार, बड़ा...

सूंटे के साथ आई तेज आंधी में कार पर गिरी दीवार, बड़ा हादसा टला

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

लोसल सहित कई गांवों में गिरे विद्युत पोल और पेड़, बिजली व्यवस्था हुई बाधित

लोसल (सीकर), ओम प्रकाश सैनी।

लोसल कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में शनिवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। तेज सूंटे और आंधी के साथ आए अंधड़ ने कई स्थानों पर नुकसान पहुंचाया। राजपुरा गांव में एक मकान की दीवार गिरकर घर में खड़ी कार पर आ गिरी, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति कार के पास मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

राजपुरा निवासी पृथ्वी सिंह ने बताया कि उनकी कार घर के परिसर में खड़ी थी। अचानक तेज आंधी के दौरान मकान की दीवार भरभराकर कार पर गिर गई। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

कई गांवों में गिरे पेड़ और बिजली के पोल

तेज अंधड़ का असर लोसल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला। रामपुरा, भीमा, बिजारणियों की ढाणी, चिड़ासरा, खूड़ सहित कई गांवों में बड़ी संख्या में विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और पेड़ गिर गए। इसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।

आंधी के कारण सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बिजली कटौती की समस्या का सामना करना पड़ा।

बिजली निगम को हुआ नुकसान

विद्युत निगम के कनिष्ठ अभियंता संतोष कुमार सामोता ने बताया कि तेज अंधड़ के कारण कई स्थानों पर बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे विभाग को भारी नुकसान हुआ है। बिजली व्यवस्था को जल्द बहाल करने के लिए निगम की टीमें युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं।

उन्होंने आमजन से अपील की कि बरसात और आंधी-तूफान के दौरान बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर तथा टूटे हुए विद्युत तारों के आसपास जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत विभाग को दें।

मौसम के बदले मिजाज से जनजीवन प्रभावित

अचानक आए तेज अंधड़ और सूंटे ने क्षेत्र में जनजीवन को प्रभावित किया। कई स्थानों पर बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि किसानों और ग्रामीणों ने भी मौसम के इस बदलाव को लेकर चिंता व्यक्त की।

प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version