लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। – उपखंड क्षेत्र के सुखोदय तीर्थ सुथड़ा पर जैन समाज ने भक्ति, श्रद्धा और सौहार्द के साथ क्षमावाणी महापर्व का आयोजन किया। प्रबंध समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराणा और सह कोषाध्यक्ष मनोज जैन ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाष्टक के साथ हुई। इसके बाद नित्य अभिषेक और वार्षिक शांति धारा संपन्न हुई, जिसमें पुण्यार्जक रमेश चंद रौनक सर्राफ (निवाई) सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मूलनायक नरेंद्र कुमार, अनिल कुमार, पंकज कुमार, शिवम कुमार, भरनी टोंक, पांडूशीला शांतिधारा, सुगनचंद, शेखर छाबड़ा, अभिनव छाबड़ा, रीनीत कुमार तथा समस्त परिवारों ने शांति धारा में भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया। शांतिधारा के उपरांत देवशास्त्र पूजा और मूलनायक पूजा की गई।
दोपहर में मुनिसुव्रत विधान का आयोजन किया गया, जिसमें सुथड़ा सहित आसपास के जैन समाज के श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में 125 अर्घ चढ़ाए गए। विधान में बिरधीचंद, महावीर प्रसाद, महेश कुमार, विनोद कुमार, गणेश कुमार, पारस कुमार, चेतन कुमार सहित अनेक महिलाएं व पुरुष उपस्थित रहे। विधान के बाद वात्सल्य भोज का आयोजन कर सभी ने साथ मिलकर भोजन ग्रहण किया।
शाम को भक्तामर संयोजक नरेंद्र जैन बनेठा के नेतृत्व में साढ़े सात बजे भक्तामर दीपार्चना की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इसके बाद उपखंड क्षेत्र के छोटे-बड़े गाँवों और कस्बों में जैन समाज के लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर वर्ष भर में जाने-अनजाने में हुई गलतियों के लिए क्षमा याचना की। जिनके घर समाज के लोग पहुँचे उन्हें मिठाई आदि देकर आत्मीयता का परिचय दिया गया। इस आयोजन ने धार्मिक भावना के साथ सामाजिक सद्भाव और मेलजोल को भी बढ़ावा दिया।