लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां।
कस्बे के चारभुजा मंदिर के समीप नवनिर्मित लोकदेवता श्री वीर पाबूजी राठौड़ महाराज मंदिर में 21 और 22 जुलाई को दो दिवसीय धार्मिक आयोजन होगा। आयोजन को लेकर मंदिर समिति की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
मंदिर समिति के अनुसार 21 जुलाई को लोकदेवता वीर पाबूजी राठौड़ महाराज के जीवन चरित्र पर आधारित पावन फड़ वाचन का आयोजन किया जाएगा। वहीं 22 जुलाई को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन, मूर्ति स्थापना एवं महाआरती का आयोजन होगा।
आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक सजावट का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
मंदिर समिति, युवा मंडल और ग्रामीण आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
