लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर | प्रदीप कुमार डागा
नागौर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। व्यास कॉलोनी स्थित एक सामाजिक सेवा संस्थान के गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अनाज के कट्टे चोरी कर ले गए। घटना के संबंध में संस्थान की ओर से कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार, व्यास कॉलोनी (मालियों का श्मशान, टाक समाज) स्थित परमेश्वर दरबार सेवा संस्थान के गोदाम को 12 जुलाई की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने लोहे के दरवाजे पर लगा ताला किसी धारदार औजार से काटकर गोदाम में प्रवेश किया और वहां रखे दो कट्टे बाजरा तथा एक कट्टा ज्वार चोरी कर ले गए। चोरी हुए अनाज की अनुमानित कीमत करीब सात हजार रुपये बताई जा रही है।
संस्थान के अध्यक्ष सुरेश और संरक्षक ओमप्रकाश सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि परमेश्वर दरबार सेवा संस्थान सामाजिक सेवा के कार्यों से जुड़ा हुआ है। संस्थान गौशालाओं के सहयोग, जरूरतमंद एवं बेसहारा बच्चों की सहायता तथा विभिन्न धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए अनाज का संग्रह करता है।
संस्थान पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और अब चोर सेवा कार्यों के लिए रखा अनाज भी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ी जन-धन हानि की घटनाएं भी हो सकती हैं।
संस्थान ने कोतवाली पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर अज्ञात चोरों की जल्द गिरफ्तारी, चोरी गए अनाज की बरामदगी तथा व्यास कॉलोनी क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
