लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी के फुलन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पर जड़ा ताला
समदड़ी। समदड़ी क्षेत्र के फुलन गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर शुक्रवार को छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी। सुबह से ही छात्र-छात्राएं और अभिभावक स्कूल के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि वार्षिक परीक्षाएं नजदीक हैं, लेकिन विद्यालय में कई विषयों के अध्यापकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं, जिससे पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पा रहा, जिससे उनका भविष्य संकट में पड़ गया है।
विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने से अभिभावकों और ग्रामीणों में भी भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक विद्यालय में रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक स्कूल नहीं खोला जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा जमकर नारेबाजी की जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक स्थानीय प्रशासन या शिक्षा विभाग का कोई भी अधिकारी धरना स्थल पर नहीं पहुंचा है। न ही ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और न ही अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं, जिससे आक्रोश और बढ़ गया है।
धरने पर बैठे अभिभावकों और छात्रों का कहना है कि जब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर शिक्षकों की कमी को शीघ्र दूर करने का ठोस आश्वासन नहीं देता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।