लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सेमारी, सलूम्बर: सलूम्बर जिले के सेमारी नगर के कुराड़िया रोड स्थित श्री राजा वासक शेषावतार गातोड़जी धाम मंदिर में मां आशापुरा और गातोड़जी की आराधना का पर्व नवरात्रि महोत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। पीठाधीश्वर संत पन्नालालजी फलाहारी महाराज के सान्निध्य में नौ दिवसीय महोत्सव का समापन यज्ञ, हवन और ज्वारा विसर्जन के साथ हुआ।
नवमी के अवसर पर मंदिर परिसर में पंडित भूपेंद्र शर्मा और राजेश शर्मा के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भक्तों ने हवन यज्ञ में आहुतियां अर्पित की और विश्व शांति की मंगलकामना की। मंत्रोच्चार के साथ घी, सांख्यल और श्रीफल से पूर्णाहुति दी गई। इस दौरान मंदिर में मां आशापुरा जी और गातोड़जी बावजी की महाआरती भी उतारी गई।
समापन के अवसर पर दरीखाना और ज्वारा विसर्जन का आयोजन किया गया। संत पन्नालालजी फलाहारी महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया और भक्तों को पगड़ी एवं गले में केशरिया रूमाल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सलूम्बर विधायक शांता अमृतलाल मीणा भी उपस्थित रहे और भक्तों के साथ मिलकर मां आशापुरा की आराधना की।
समापन की पूर्व संध्या पर रोशनजी पटेल (निवासी जोधपुरिया सेमारी) की ओर से भव्य रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। इस दौरान पन्नालालजी फलाहारी महाराज द्वारा रोशनजी का माला और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। भजन संध्या में क्षेत्र के अनेक भजन गायकों ने भाग लिया, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
अगले दिन मंदिर प्रांगण में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद का लाभ लिया, जिसका आयोजन करण सिंह जी (पिता स्वर्गीय इंदर सिंह जी राणा, चिकलवास, उदयपुर) ने कराया। राजस्थान, गुजरात, मारवाड़ और महाराष्ट्र से भी बड़ी संख्या में भक्त पधारे और जयकारों की गूंज के बीच नवरात्रि महोत्सव का समापन भव्य रूप से संपन्न हुआ।