लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
छात्रों को मिली राहत
रियांबड़ी (नागौर)। थांवला कस्बे के बस स्टैंड स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने लंबे समय से अव्यवस्थित तरीके से खड़ी रहने वाली मोटरसाइकिलों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ मोटरसाइकिलों को जब्त किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने अभियान चलाकर स्कूल के बाहर से अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया।
पुलिस ने जब्त की गई मोटरसाइकिलों को पिकअप वाहन के माध्यम से थाने पहुंचाया। कार्रवाई के दौरान स्कूल के मुख्य प्रवेश मार्ग और सड़क को खाली कराया गया, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को आवागमन में राहत मिली।
जानकारी के अनुसार कई वाहन चालक सुबह अपनी मोटरसाइकिलें स्कूल के सामने खड़ी कर पूरे दिन के लिए चले जाते थे। इससे स्कूल खुलने और छुट्टी के समय छात्र-छात्राओं को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती थी।
एएसआई सुरेंद्र मीणा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल आठ मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। इनमें से चार वाहनों के चालान किए गए, जबकि चार मोटरसाइकिलों को सीज़ किया गया।
कार्रवाई के बाद ग्रामीणों और विद्यार्थियों के अभिभावकों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए यह कदम आवश्यक था। उन्होंने आमजन से स्कूल के प्रवेश द्वार और सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।