लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा/जयपुर । एसीबी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो भीलवाड़ा-प्रथम ने आज समग्र शिक्षा विभाग के राजकुमार मुन्दडा, सहायक अभियंता, और भारत भूषण गोयल, कनिष्ठ अभियंता (संविदाकर्मी), को 50,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
शिकायत और ट्रेप कार्रवाई
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी को शिकायत मिली थी कि राजकीय विद्यालयों में करवाए गए बिल्डिंग निर्माण कार्यों के रनिंग बिल पास कराने के एवज में रिश्वत मांगी जा रही थी।
दिनांक 24.09.2025 को ट्रेप कार्रवाई के दौरान परिवादी से 19 लाख रुपये के बिलों के पास होने के बदले 50,000 रुपये रिश्वत लेते आरोपी गिरफ्तार किए गए। इसमें से 30,000 रुपये नकद और 20,000 रुपये डमी नोट आरोपी भारत भूषण गोयल की पैंट की जेब से बरामद किए गए।
ट्रेप टीम और कार्रवाई
एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरविजन में, पारसमल, उप अधीक्षक, एसीबी भीलवाड़ा-प्रथम के नेतृत्व में यह कार्रवाई संपन्न हुई।
आरोपियों से पूछताछ और कार्यवाही जारी है। एसीबी ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।
