लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पुलिस की तत्परता की हो रही सराहना
समदड़ी , बालोतरा| समदड़ी जिला पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अजीत गांव में युवती पर हुए गला रेतकर जानलेवा हमले के आरोपी को महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस तेज और प्रभावी कार्यशैली की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, समदड़ी क्षेत्र के अजीत गांव में एक युवती शौच के लिए गई थी, तभी आरोपी ने उस पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। आरोपी ने युवती का गला रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने तुरंत संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही सीआई नरपत दान चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार के स्पष्ट निर्देशों पर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
फोन कॉल ट्रेस कर दबोचा आरोपी
पुलिस ने आरोपी के फोन कॉल डिटेल्स ट्रेस करते हुए तेजी से कार्रवाई की और मात्र 6 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविंदराम जोगी (उम्र 28 वर्ष), निवासी गोल सायला, जिला जालौर के रूप में हुई है।
पुलिस की सक्रियता से बढ़ा भरोसा
बालोतरा पुलिस कप्तान के एक्टिव मोड में रहने का असर इस कार्रवाई में साफ नजर आया। समय पर गिरफ्तारी से न केवल पीड़िता को न्याय की उम्मीद मिली, बल्कि ग्रामीणों में भी पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
गांव में पुलिस की सराहना
घटना के बाद अजीत गांव में पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की खुले तौर पर सराहना की जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
