लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दान पात्र से लाखों की नकदी ले उड़े चोर
समदड़ी। जैसे-जैसे सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे क्षेत्र में चोरी की वारदातें भी बढ़ती जा रही हैं। चोर पुलिस की ढीली गश्त का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम देने में सफल हो रहे हैं। ताजा मामला समदड़ी क्षेत्र के खंडप गांव स्थित नागाजी महाराज मंदिर का है, जहां देर रात चोरों ने मंदिर के दान पात्र पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोर दान पात्र को उठाकर मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब के किनारे ले गए, जहां उसे तोड़कर उसमें रखी लाखों रुपये की नकदी निकाल ली और टूटा हुआ दान पात्र वहीं छोड़कर फरार हो गए। सुबह जब मंदिर के मठाधीश उमाकांत गिरी उठे तो दान पात्र गायब देखकर उन्होंने गांव वालों को सूचना दी। इसके बाद चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। इसके पश्चात खंडप गांव सहित आसपास के करीब 12 गांवों के ग्रामीण एकत्रित होकर समदड़ी थाने पहुंचे और थाना अधिकारी, डीवाईएसपी व तहसीलदार के नाम ज्ञापन सौंपा। साथ ही थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
समदड़ी थाना अधिकारी नरपत दान चारण ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि तकनीकी संसाधनों एवं अन्य उपकरणों की सहायता से जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
मठाधीश उमाकांत गिरी ने बताया कि इससे पूर्व भी नागाजी महाराज मंदिर में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लाखों रुपये की नकदी व हीरे-जवाहरात चोरी हुए थे। उन मामलों में भी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी, लेकिन आज दिन तक किसी का खुलासा नहीं हो पाया है। इससे चोरों के हौसले दिन-ब-दिन बुलंद होते जा रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि खंडप गांव में मंदिर से महज 50 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है, लेकिन वहां स्थायी पुलिसकर्मी तैनात नहीं होने के कारण चोर आए दिन मंदिरों और सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं। गांव पाली और जालौर जिलों की सीमा से सटा होने के कारण बाहरी चोर दिन में रेकी कर रात में वारदात कर आसानी से फरार हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुछ वर्ष पूर्व खंडप गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित एसबीआई बैंक में दिनदहाड़े डकैती की वारदात हुई थी, जिसमें लाखों रुपये लूटे गए थे, लेकिन उसका भी आज तक खुलासा नहीं हो पाया।
ग्रामीणों का कहना है कि नागाजी महाराज मंदिर आसपास के 12 गांवों की आस्था का केंद्र है और यहां अब तक चौथी बार चोरी हो चुकी है। इस बार की चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। यदि समय रहते पुलिस चोरी का खुलासा नहीं कर पाती है, तो ग्रामीण नागा बाबा साधुओं के साथ मिलकर आमरण अनशन व धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।