Home crime रियांबड़ी एसडीएम की बड़ी कार्रवाई: 60 टन बजरी से भरा डंपर पकड़ा

रियांबड़ी एसडीएम की बड़ी कार्रवाई: 60 टन बजरी से भरा डंपर पकड़ा

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

रियांबड़ी (नागौर)। अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रियांबड़ी उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम कोड में 60 टन बजरी से भरे एक ओवरलोड डंपर को पकड़ा। कार्रवाई के बाद वाहन को माइनिंग विभाग और पुलिस के सुपुर्द कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जानकारी के अनुसार एसडीएम विनीत कुमार सुखाड़िया क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन पर निगरानी रखे हुए थे। इसी दौरान ग्राम कोड में एक संदिग्ध डंपर की जांच की गई। जांच में पाया गया कि वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बजरी भरी हुई थी। साथ ही डंपर के रवन्ने (परिवहन दस्तावेज) में गंतव्य स्थान का स्पष्ट उल्लेख नहीं था।

अनियमितताएं सामने आने पर एसडीएम ने तत्काल माइनिंग विभाग और पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाया। इसके बाद डंपर को जब्त कर संबंधित विभागों को सौंप दिया गया तथा मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई।

अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर सख्त रुख

उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया ने कहा कि क्षेत्र में अवैध बजरी खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वाहन संचालकों में हड़कंप

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध बजरी परिवहन और ओवरलोड वाहनों के संचालन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए अवैध खनन पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है।

प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और राजस्व नुकसान को रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version