लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर (नितिन मेहरा) – रेलवे प्रशासन ने रिफंड नियमों को लेकर चल रही खबरों को भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया है कि नए बदलावों से यात्रियों पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। रेलवे के अनुसार, ये सुधार यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से किए गए हैं।
चार्ट टाइमिंग में बड़ा बदलाव
रेलवे ने ‘चार्ट तैयार करने’ के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब ट्रेन प्रस्थान से 4 घंटे पहले की बजाय 9 से 18 घंटे पहले चार्ट तैयार कर लिया जाएगा। इससे यात्रियों को अपनी सीट कन्फर्म होने की जानकारी पहले ही मिल सकेगी और अनिश्चितता कम होगी।
बिना अतिरिक्त शुल्क बेहतर सुविधा
रेलवे ने साफ किया है कि इन सुधारों के लिए यात्रियों से कोई अतिरिक्त शुल्क (Zero Extra Cost) नहीं लिया जा रहा है। इसका उद्देश्य टिकट प्रणाली को पारदर्शी बनाना और अवैध एजेंटों पर रोक लगाना है।
यात्रियों को मिलेंगी नई सुविधाएं
- बोर्डिंग स्टेशन में बदलाव: अब यात्री ट्रेन रवाना होने से 30 मिनट पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदल सकेंगे।
- सीट अपग्रेडेशन: यदि उच्च श्रेणी में सीट खाली है, तो यात्री प्रस्थान से आधा घंटा पहले तक अपनी सीट अपग्रेड करवा सकेंगे।
रेलवे का यह कदम डिजिटल सुधारों की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे यात्रियों का सफर पहले से अधिक सुगम और स्पष्ट होगा।