लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। पुनः राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर नीरज डांगी का उनके जयपुर स्थित निवास पर बैरवा शिक्षा प्रचार एवं सहायतार्थ समिति, जयपुर के पदाधिकारियों एवं समाजजनों द्वारा साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों ने डांगी को लगातार दूसरी बार राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शिष्टमंडल ने उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की मंगलकामना करते हुए समाज की ओर से सम्मान व्यक्त किया।
अपने संबोधन में नीरज डांगी ने पुनः राज्यसभा सदस्य बनाए जाने पर प्रदेश कांग्रेस एवं राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान जनता के प्यार, विश्वास और आशीर्वाद का परिणाम है। डांगी ने कहा कि, “यह सब आपके प्यार और आशीर्वाद का फल है। मैं वादा करता हूं कि सदन में प्रदेश की खुशहाली और विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूंगा तथा जनता की भावनाओं के अनुरूप उनकी प्रत्येक समस्या के समाधान का प्रयास करूंगा।”
इस अवसर पर उपस्थित शिष्टमंडल में बैरवा शिक्षा प्रचार एवं सहायतार्थ समिति के अध्यक्ष एस. के. बैरवा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रभु लाल बैरवा, संगठन सचिव के. के. टाटीवाल, पंडित भवानी शंकर गोठवाल, राजू बैरवा एवं बजरंग लाल बैरवा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
