लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रितु मेहरा) राजस्थान में पहली बार 27 जून को अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को जयपुर स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित समारोह में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को 13 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण, अनुदान और सब्सिडी के डमी चेक वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर रीको की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भूमि आवंटन पत्र और ऑफर लेटर भी सौंपेंगे। साथ ही राजस्थान इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट पॉलिसी, ओडीओपी (एक जिला-एक उत्पाद) कॉफी टेबल बुक तथा रैम्प (राइजिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस) पोर्टल का भी शुभारंभ करेंगे।
कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, राज्यमंत्री के.के. विश्नोई, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल, आयुक्त नीलाभ सक्सेना सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इस दौरान एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) नीति, विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना, राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर दलित एवं आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, एकीकृत क्लस्टर विकास योजना, रैम्प तथा राजस्थान निर्यात प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए जाएंगे।
इसके अलावा रीको की डायरेक्ट लैंड अलॉटमेंट पॉलिसी और रेंटल पॉलिसी के तहत भी पात्र लाभार्थियों को भूमि आवंटन पत्र एवं ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे।
