लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला (झालावाड़)।
समाजसेवियों ने निभाई मानवता की मिसाल
चौमहला क्षेत्र में छोटी कालीसिंध नदी से बरामद अज्ञात युवक के शव का पहचान नहीं होने पर समाजसेवियों ने हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराया। यह अंतिम संस्कार गंगधार पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
समाजसेवी अंशुल पटेल ने बताया कि 25 जून 2026 की सुबह ग्राम पंचायत कोलवी उर्फ मंडी राजेंद्रपुर के वार्ड संख्या 17 स्थित गोलखेड़ी गांव के समीप छोटी कालीसिंध नदी में ग्रामीणों ने एक युवक का शव तैरता हुआ देखा। सूचना मिलने पर गंगधार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौमहला की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के लिए प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। मृतक के दाहिने हाथ पर “जय भीम” लिखा हुआ था। उसके दोनों कानों में बाली, बाएं हाथ में कड़ा तथा गर्दन में लाल धागा बंधा हुआ था। एक पैर घुटने के पास से कटा हुआ था, जबकि दूसरा पैर भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला।
पहचान नहीं होने पर गंगधार पुलिस की मौजूदगी में समाजसेवी राजेंद्र पासी, कृष्णा सिंह मेहरा, विक्रम दसोरिया, अशोक सोलंकी, अजय चौहान, बंटी, श्याम राठौर और गोपाल मेहर सहित अन्य लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए अज्ञात युवक का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराया।