लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हर वोट विकास में निभाता है अहम भूमिका: सीएम भजनलाल शर्मा
जयपुर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को सांगानेर स्थित कैंप कार्यालय में नव मतदाताओं का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का बोध रखने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा केवल राष्ट्र के निर्माता ही नहीं, बल्कि भविष्य के कर्णधार भी हैं। नव मतदाताओं को यह विचार करना चाहिए कि वे अपने वोट के माध्यम से देश और प्रदेश को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं, क्योंकि प्रत्येक वोट देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
नव मतदाता बनने का अवसर लोकतंत्र का उत्सव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में नव मतदाता बनने के अवसर को उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया है। यह अवसर हमें लोकतंत्र की महानता और श्रेष्ठता का अनुभव कराता है। उन्होंने कहा कि युवाओं में यह दायित्वबोध होना चाहिए कि वे अपने जीवन और राष्ट्र के भविष्य को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं।
स्वामी विवेकानंद के आदर्श अपनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री शर्मा ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात करने और पूर्वजों के बलिदानों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और युवाओं की सकारात्मक सोच ही मजबूत लोकतंत्र की नींव है।
अब तक दी गईं एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों में युवाओं के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक कर युवाओं के सपनों से खिलवाड़ करने वालों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब तक एक लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां दे चुकी है, जबकि 1 लाख 43 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। साथ ही इस वर्ष के लिए नए एक लाख पदों पर भर्ती का परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया गया है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से मेहनत और लगन के साथ तैयारी कर सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, नव मतदाता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।