लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रामकथा के तीसरे दिवस में राधिका दीदी ने सुनाया भगवान शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)
राम रघुनाथ मंदिर में चल रही श्री राम कथा के तीसरे दिवस पर कथा वाचक राधिका दीदी ने कहा कि कलयुग में केवल ईश्वर के नाम का सहारा ही मनुष्य को संसार रूपी भवसागर से पार ले जा सकता है। बार-बार सुमिरन करने से मनुष्य के जीवन में शांति और शक्ति प्राप्त होती है।
कथा में देवाधिदेव भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का प्रसंग सुनाया गया। भगवान शिव की बारात और विवाह का दृश्य भक्तों के लिए अत्यंत मनोरम रहा, जिसमें भक्त झूम उठे और बारात में नृत्य कर भगवान का स्वागत किया। कथा के दौरान विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियां भी दी गई।
रामकथा के तीसरे दिवस पर यजमान संसार चंद पारीक और उनके परिजनों ने पूजन संपन्न करवाया। पंडित अमित भारद्वाज ने राम रघुनाथ जी का मनमोहक दरबार सजाया। कथा का विश्राम अवध बिहारी जी की आरती के साथ संपन्न हुआ और भगवान को भोग अर्पित कर भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर कथा सुनने के लिए महिला-पुरुष भक्तों की बड़ी संख्या मंदिर में मौजूद रही। भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह के प्रसंग ने भक्तों को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया।