लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर: राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह के श्रीगंगानगर आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, 125 नई धान मंडी में जिलाध्यक्ष एवं विधायक रूपिंद्र सिंह रूबी कुन्नर ने उनका गरिमामय एवं भव्य स्वागत किया। कांग्रेस की परंपरा के अनुसार उन्हें सूत की माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर अनूपगढ़ विधायक शिमला नायक, महिला कांग्रेस की प्रदेश संगठन महासचिव मंजू चैहान, संभाग प्रभारी हर्षा चैधरी, जिला प्रभारी कृतिका कडवासरा और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमला बिश्नोई भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष एवं विधायक रूपिंद्र सिंह रूबी कुन्नर ने कहा कि जिले का प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार संगठन को सशक्त बनाने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश और देश की भाजपा सरकार की नीतियों से आमजन के हित प्रभावित हो रहे हैं, जिसके विरोध में कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जनता की आवाज बुलंद कर रही है।
जिलाध्यक्ष रूपिंद्र सिंह रूबी कुन्नर ने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता विपक्ष की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निभाते हुए जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत है। कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया।