लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
कुंवारिया कस्बे के बड़े चारभुजा मंदिर मार्ग स्थित सत्यनारायण भगवान मंदिर से शनिवार को चारभुजा महिला मित्र मंडल की ओर से तुलसा मैया की भव्य बंदौली निकाली गई। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत माहौल में महिलाएं व पुरुष चारभुजा नाथ, सांवरिया सेठ और श्री श्याम के भजनों पर थिरकते नजर आए।
तुलसा मैया को सजी-धजी घोड़े की बग्गी में विराजमान किया गया। सैकड़ों महिलाएं सोलह श्रृंगार और पारंपरिक परिधान में कलश यात्रा में शामिल हुईं। जुलूस सत्यनारायण मंदिर से रवाना होकर रावली पोल, महावीर मार्केट, नीलकंठ चौराहा, सदर बाजार और किरो का मोहल्ला होते हुए नगर भ्रमण पर निकला।
रास्तेभर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से तुलसा मैया का स्वागत किया। “बन्नो मारो श्री श्याम, तुलसा मारी लाडली” और “मारा चारभुजारा नाथ, मांगू जोतो सघलो दीजो” जैसे भजनों पर भक्त भावविभोर होकर झूम उठे।
नगर का वातावरण भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। आयोजन समिति ने बताया कि रविवार को विद्या निकेतन स्कूल परिसर में सुबह 9:15 बजे शुभ मुहूर्त पर तुलसा मैया और सालिग्राम भगवान के पवित्र फेरे होंगे। तुलसी विवाह को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
