लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा, डीडवाना-कुचामन और फलौदी में रीको को भूमि आवंटन की मंजूरी
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की औद्योगिक क्षमता के संवर्द्धन और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में सरकार ने तीन जिलों में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
मुख्यमंत्री ने राजस्थान औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम लिमिटेड (रीको) को भीलवाड़ा, डीडवाना-कुचामन और फलौदी जिलों में औद्योगिक परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन को मंजूरी दी है।
तीन जिलों में औद्योगिक भूमि आवंटन
-
भीलवाड़ा जिला: तहसील कोटड़ी के ग्राम कोदिया में 20.80 हैक्टेयर भूमि रीको को नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना हेतु स्वीकृत की गई है।
-
डीडवाना-कुचामन जिला: तहसील परबतसर के भकरी मौलास में 71.59 हैक्टेयर भूमि औद्योगिक परियोजनाओं के लिए आवंटित की गई है।
-
फलौदी जिला: तहसील आऊ के ग्राम हाजीसागर और टेणानाडी में कुल 49.82 हैक्टेयर भूमि रीको को औद्योगिक उपयोग के लिए स्वीकृत की गई है।
औद्योगिक विकास को मिलेगी नई दिशा
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि इन निर्णयों से प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार, बुनियादी ढांचे के विकास और निवेश-अनुकूल माहौल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
