Home latest  पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों सहित पांच आरोपी गिरफ्तार

 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों सहित पांच आरोपी गिरफ्तार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

कोटपूतली-बहरोड़। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, आठ जिंदा कारतूस तथा मारपीट और हमले में इस्तेमाल किए जाने वाले अन्य हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खां और उप पुलिस अधीक्षक राजेंद्र बुरड़क के निर्देशन तथा कोटपूतली थानाधिकारी राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

उन्होंने बताया कि संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान दिल्ली की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन वापस मोड़ने का प्रयास किया, जिससे संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार में सवार पांच युवकों के पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा लोहे के पाइप में वेल्ड किया गया चैन चक्का, बांस की लकड़ी में लगाया गया चैन चक्का तथा एक स्टील पाइप भी बरामद किया गया। पुलिस ने हथियारों के साथ स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ युवक पूर्व में भी लड़ाई-झगड़े और फायरिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं तथा कुछ मामलों में वांछित चल रहे थे। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद हथियार कहां से लाए गए और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

उन्होंने कहा कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों तथा हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version