Home crime   पिण्डवाड़ा में चोरों के हौसले बुलंद, एक ही रात में दो...

  पिण्डवाड़ा में चोरों के हौसले बुलंद, एक ही रात में दो बाइक चोरी

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

सिरोही, (तुषार पुरोहित)। सिरोही जिले के पिण्डवाड़ा नगर में बाइक चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। एक ही रात में नगर के अलग-अलग क्षेत्रों से दो मोटरसाइकिल चोरी होने की घटनाओं ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। इनमें से एक वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

जानकारी के अनुसार सिरोही रोड स्थित त्रिमूर्ति मोबाइल दुकान के बाहर रात करीब 10 बजे खड़ी एक मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बाइक के आसपास घूमता दिखाई देता है और मौका मिलते ही वाहन लेकर फरार हो जाता है।

इसी रात नगर के आमली रोड क्षेत्र में भी चोरों ने एक अन्य वारदात को अंजाम दिया। वन विभाग में कार्यरत होमगार्ड महेंद्र गर्ग के घर के बाहर खड़ी अपाचे मोटरसाइकिल अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। सुबह वाहन नहीं मिलने पर परिजनों को चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। नागरिकों का कहना है कि नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से कई बाइक चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।

घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पिण्डवाड़ा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है तथा आसपास के क्षेत्रों में भी जांच की जा रही है।

एक ही रात में हुई दो बाइक चोरी की घटनाओं ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की नजर पुलिस जांच और चोरों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version