लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सिरोही। भारजा गांव में मनरेगा मजदूरों का आक्रोश उस समय फूट पड़ा जब फेस अटेंडेंस के लिए फोटो लेने में आ रही तकनीकी दिक्कतों से परेशान होकर मजदूरों ने काम बंद कर दिया। नाराज मजदूर काम छोड़कर वापस गांव लौट आए और अपने मस्टररोल ग्राम पंचायत में जमा करा दिए।
मजदूरों ने सरकार की नई व्यवस्था का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि फेस अटेंडेंस प्रणाली के कारण उन्हें काम करने में काफी परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि तकनीकी समस्याओं के चलते कई बार उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती, जिससे मजदूरी मिलने में भी दिक्कत आती है।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने आरोप लगाया कि इस तरह की व्यवस्था से गरीब मजदूरों का निवाला छीना जा रहा है। कुछ मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार मनरेगा को खत्म करने की साजिश कर रही है।
नाराज मजदूरों ने गांव में विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान गांव में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। मजदूरों ने मांग की कि फेस अटेंडेंस व्यवस्था में आ रही समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि उन्हें बिना परेशानी के काम मिल सके।
