लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गत सरकार में हुए पेपर लीक और आरपीएससी भ्रष्टाचार कांड में सामने आए नए तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, एसओजी और एसीबी के अधिकारियों के साथ बैठक कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसओजी की जांच में आवश्यकतानुसार एसीबी को भी शामिल किया जाएगा।
शर्मा ने स्पष्ट किया कि गत सरकार में 340 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन्होंने युवाओं के भविष्य के साथ छेड़छाड़ की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसी भी दोषी को नहीं बख्शेगी, चाहे वह कितना भी बड़ा क्यों न हो।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उनके कार्यकाल में अब तक 296 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की गई हैं और इनमें से एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने युवाओं के सपनों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।