लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा में भक्ति का महासंगम
नर्मदा जयंती पर पोस्टर विमोचन के साथ तैयारियां तेज, गांव-गांव पहुंचेगा महोत्सव का संदेश
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) भीलवाड़ा जिले में भक्ति और आध्यात्म का अभूतपूर्व संगम देखने को मिलेगा। श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट द्वारा भीलवाड़ा के नौगांवा स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में पहली बार भव्य “भागवत समरसता महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
महोत्सव के दौरान जोधपुर के विख्यात गोवत्स श्री राधा कृष्ण महाराज का पावन सानिध्य भक्तों को प्राप्त होगा। नर्मदा जयंती के शुभ अवसर पर माधव गौशाला परिसर में महोत्सव के पोस्टर और फ्लेक्स का विधिवत विमोचन किया गया, जिसके साथ ही आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं।
गांव-गांव पहुंचेगा महोत्सव का संदेश
आयोजन समिति द्वारा जिले के प्रत्येक गांव और ढाणी में फ्लेक्स लगाने के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं के लिए विशेष ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है।
प्रभात फेरियों से गूंजेगा भीलवाड़ा
महोत्सव की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों—पहुंना, कारोई, पुर, कोचरिया सहित भीलवाड़ा शहर के बापू नगर और नीलकंठ महादेव मंदिर से विशाल प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी, जिससे पूरा जिला भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो जाएगा।
प्रमुख आयोजन कार्यक्रम
-
28 मार्च: कोठारी पैलेस, पुर में सुंदरकांड पाठ
-
31 मार्च: शास्त्री नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर में भजन संध्या एवं विद्यार्थियों से विशेष संवाद
-
नौगांवा में महिलाओं के नेतृत्व में वृहद एवं भव्य शोभा यात्रा
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं
भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों से विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया जा रहा है। मंदिर प्रांगण का समतलीकरण, शिव मंदिर निर्माण, सोलर प्लांट की स्थापना और विशाल डोम निर्माण का कार्य तेजी से जारी है। साथ ही भोजन व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत योजना तैयार की गई है।
आयोजन समिति की अहम भूमिका
इस भव्य आयोजन की जिम्मेदारी मुख्य संयोजक मनीष बहेड़िया, सह-संयोजक सोहन लाल गहलोत, गिरिराज काबरा और मदनलाल धाकड़ को सौंपी गई है।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर मधुसूदन बहेड़िया, जगदीश कोगटा, मुकेश सोनी, श्रवण सेन, गोपाल जागेटिया, राकेश दरगड, पंडित दीपक पाराशर, अजीत सिंह, सूरज सिंह, सुनील नवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
