लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुरक्षा के लिए तार-जाली लगाने की मांग, गौवंश की मौत पर ग्रामीणों में आक्रोश
राशमी। (सत्यनारायण सेन, गुरलां) कस्बे में बुधवार शाम मतवाली माता की पहाड़ी से गिरने के कारण दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश है। ग्रामीणों ने पहाड़ी के निचले हिस्से में सुरक्षा के लिए मजबूत तार-जाली लगाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार दोनों गायें पहाड़ी पर चरने के लिए गई थीं। इसी दौरान ढलान पर संतुलन बिगड़ने से वे नीचे जा गिरीं और उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी क्षेत्र की तरफ से मतवाली माता की पहाड़ी काफी ऊंची और सीधी ढलान वाली है। ऐसे में यहां मवेशियों के गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है।
मानसून के दौरान खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दिनों में पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर भी लुढ़ककर नीचे रिहायशी इलाके की ओर आते हैं, जिससे लोगों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
एक दर्जन से अधिक गायों की मौत का दावा
स्थानीय निवासी कैलाश माली ने बताया कि पहाड़ी से मवेशियों के गिरने की यह पहली घटना नहीं है। उनके अनुसार अब तक एक दर्जन से अधिक गायें इसी तरह पहाड़ी से गिरकर जान गंवा चुकी हैं। लगातार हो रहे हादसों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पहाड़ी के निचले हिस्से में मजबूत तार-जाली (फेंसिंग) लगाई जाए। इससे मवेशियों को खतरनाक ढलान वाले हिस्से में जाने से रोका जा सकेगा और भविष्य में होने वाले हादसों पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।
