लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गोकुल चौक से शुरू हुआ रोड शो, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर जनता ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत; बोले—भाजपा का संकल्प पत्र बनेगा शहरी विकास का आधार
बीकानेर। (रितु मेहरा)
नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार अभियान के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को बीकानेर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में भव्य रोड शो किया। गोकुल चौक से शुरू हुए रोड शो में बड़ी संख्या में आमजन और भाजपा कार्यकर्ता जुटे। शहर में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
‘ट्रिपल इंजन सरकार के लिए तैयार राजस्थान’
रोड शो के दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान ट्रिपल इंजन सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। भाजपा नगर निकायों के समग्र और सुनियोजित विकास के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में भाजपा को जनता का समर्थन और विश्वास मिल रहा है। निकायों में भाजपा की सरकार बनने के बाद ट्रिपल इंजन सरकार संकल्प पत्र में किए गए प्रत्येक वादे को पूरा करने के लिए काम करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र ही शहरी विकास का आधार बनेगा। नगर निकायों में विकास कार्यों को गति देने के साथ शहरों की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
कांग्रेस शासन पर भ्रष्टाचार और पेपर लीक को लेकर हमला
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान भ्रष्टाचार, पेपर लीक और गैंगस्टर का बोलबाला रहा। वहीं भाजपा सरकार ने पेपर लीक माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए करीब 600 आरोपियों को जेल पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान चुनावी वादे घोषणाओं तक सीमित रहे, जबकि भाजपा सरकार अपने संकल्पों को धरातल पर उतारने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों से लंबित ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, नर्मदा परियोजना, इंदिरा गांधी नहर और गंगनहर से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य अब आगे बढ़ रहे हैं।
‘1 लाख 89 हजार युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र’
मुख्यमंत्री ने सरकार की रोजगार संबंधी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक 1 लाख 89 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि करीब 1 लाख 22 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया जारी है, जबकि 70 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां निकाली जा चुकी हैं। सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
‘विकसित बीकानेर से विकसित भारत का सपना होगा साकार’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक जनता की समस्याओं की अनदेखी की, जबकि भाजपा जनसेवा और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है।
उन्होंने कहा कि जनता डबल इंजन सरकार को ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का संकल्प ले चुकी है। ‘विकसित बीकानेर से विकसित राजस्थान और विकसित राजस्थान से विकसित भारत’ का सपना साकार करने के लिए भाजपा को निकाय चुनाव में मजबूत जनादेश की जरूरत है।
कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचने का आह्वान
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा के विकास विजन और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में जुटने और निकायों में भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करने की अपील की।
रोड शो और बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, विधायक जेठानंद व्यास, सिद्धि कुमारी, विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत सहित भाजपा के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।