लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा: भीलवाड़ा जिले के गंगापुर नगर में प्रवेश मार्गों की दोनों प्रमुख सड़कों — सहाड़ा चौराहा और मिल रोड — के निर्माण को लेकर तीन दिन से अनशनरत पार्षद प्रहलाद सुथार, राकेश व्यास, पंकज चौहान और मनीष ओझा ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
धरना समाप्त करने के पीछे कांग्रेस नेता श्याम पुरोहित, व्यापार मंडल के संजय रुईया, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गहलोत, नवरत्न हिरण, जगदीश झवर, राकेश पिछोलिया, सुदीप जैन, संजय अग्रवाल और स्थानीय व्यापारियों के साथ उपखंड अधिकारी राजेश विश्नोई और नगर पालिका अधिशासी अधिकारी करनी सिंह के बीच हुई सफल वार्ता रही।
वार्ता में यह तय हुआ कि आगामी 5 अक्टूबर से सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण रूप से शुरू होगा। सहाड़ा चौराहा की सड़क निर्माण दीपावली तक पूरा कर दिया जाएगा, जबकि मिल रोड पर दशहरे के बाद निरंतर कार्य करके सड़क बनायी जाएगी। इस मुद्दे पर आम सहमति बनने के बाद सभी ने मिलकर अनशनरत पार्षदों को ज्यूस पिलाकर धरना समाप्त कराया।
उपखंड अधिकारी ने पालिका प्रशासन को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। अनशन में शामिल प्रहलाद सुथार, राकेश व्यास, पंकज चौहान और मनीष ओझा ने सभी सहयोगियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।