लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
शहर में शनिवार को निर्जला एकादशी के अवसर पर प्रमुख मंदिरों में विशेष आयोजन किए गए। मंदिरों में विराजित भगवान की विशेष झांकी सजाई गई। राम रघुनाथ मंदिर के रमेश जांगिड़ ने बताया कि मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु भक्तों का आना शुरू हो गया। शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से श्रद्धालु महिलाएं दर्शन के लिए मंदिर पहुंची। श्रद्धालु भक्तों ने मंदिर की सीढ़ियों को धोकर, दीपक जला मंदिर में प्रवेश किया। गायत्री शर्मा के अनुसार महिलाओं ने भजन कीर्तन करते हुए तुलसी माला फेेरते हुए 108 परिक्रमा लगाई। पंडित अमित भारद्वाज द्वारा भक्तों को एकादशी की कथा का श्रवण कराया गया।
श्रद्धालुओं ने निराहार रहकर उपवास रखा। ठाकुर जी को शीतल जल से भरा घड़ा, पंखी, आम, तरबूज, पानी वाला नारियल, केले इत्यादि फल दान किया। रघुनाथ जी को नई पोशाक धारण कराकर आरती की गई। रमेश जांगिड़ ने बताया कि निर्जला एकादशी का व्रत संयम, भक्ति, उपासना का पर्व है। निर्जला एकादशी का उपवास करने से अनेक एकादशी का पुण्य प्राप्त होता है। इस अवसर पर रघुनाथ जल सेवा समिति द्वारा शीतल जल की व्यवस्था की गई। आयोजन में पंडित अमित भारद्वाज, रमेश जांगिड़, लक्ष्मीकांत आकड, संतोष जांगिड़, गायत्री शर्मा, अनीता सोनी, गड्डी साहू, मंजू खत्री, शालू शर्मा, कमला जांगिड़, उर्मिला सोनी, रचना खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित थे।
