लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
देवगढ़ थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार; चित्तौड़गढ़ से मादक पदार्थ खरीदकर नागौर ले जाने की बात सामने आई
राजसमंद। गौतम शर्मा
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवगढ़ थाना पुलिस और डीएसटी राजसमंद की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही ईटियोस कार को भी जब्त किया है।
काली घाटी में नाकाबंदी कर पकड़ी कार
पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर देवगढ़ थाना पुलिस और डीएसटी राजसमंद की टीम ने काली घाटी में नाकाबंदी शुरू की।
इसी दौरान सफेद रंग की ईटियोस कार आरजे 19 टीए 8531 वहां पहुंची। पुलिस टीम ने तत्परता से कार को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 45 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त करते हुए कार को भी कब्जे में ले लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
चित्तौड़गढ़ से डोडा चूरा खरीदने की बात सामने आई
पुलिस के अनुसार पूछताछ और प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आया कि बरामद डोडा चूरा नारायणलाल पुत्र हीरालाल माली निवासी आचार्यों का मोहल्ला, भादसौड़ा, थाना भादसौड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ से खरीदा गया था।
मामले में आगे का अनुसंधान उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार थाना भीम द्वारा किया जा रहा है। पुलिस अब मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
नागौर निवासी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश पुत्र दामाराम, जाति बावरी, उम्र 27 वर्ष, निवासी लालाप थाना भादु नडा, जिला नागौर के रूप में बताई है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि डोडा चूरा कहां ले जाया जा रहा था तथा इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई
यह कार्रवाई ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई। कार्रवाई थाना अधिकारी मुकेश चौधरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम और डीएसटी राजसमंद की टीम ने संयुक्त रूप से की।
पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है।
