लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डॉ. मंजू बाघमार बोलीं- तिरंगा देश की शान और हमारा अभिमान
टाउन हॉल में 11-12 अगस्त तक चलेगा तिरंगा मेला, कृषि, पशुपालन और राजीविका की महिलाओं ने लगाए उत्पादों के स्टॉल
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा)
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नागौर के टाउन हॉल में मंगलवार को तिरंगा मेला एवं तिरंगा प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। राजस्थान सरकार की सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने तिरंगा प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों की जानकारी ली।
तिरंगे के इतिहास और महत्व से रूबरू हुए लोग
तिरंगा प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, स्वरूप, महत्व और राष्ट्रीय जीवन में उसकी गरिमा से आमजन को परिचित कराने के लिए स्टैंडी, पोस्टर और ज्ञानवर्धक साहित्य प्रदर्शित किया गया है।
तिरंगा मेले के माध्यम से भी लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, सम्मान और देश के प्रति उसके गौरवपूर्ण भाव से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
महिलाओं के उत्पादों ने खींचा ध्यान
मेले में कृषि विभाग, पशुपालन विभाग और राजीविका से जुड़ी महिलाओं की ओर से विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। डॉ. बाघमार ने स्टॉलों का अवलोकन करते हुए महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और महिला आत्मनिर्भरता को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
‘हर घर तिरंगा’ से मजबूत हो देशभक्ति की भावना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मंजू बाघमार ने कहा कि “तिरंगा हमारे देश की शान और हमारा अभिमान है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के मान-सम्मान का प्रतीक है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे। उन्होंने लोगों से 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है।
मंत्री ने दिलाई तिरंगा सम्मान की शपथ
कार्यक्रम के दौरान डॉ. बाघमार ने उपस्थित लोगों को तिरंगा सम्मान की शपथ दिलाई। लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास के साथ-साथ महिलाओं के विकास और सशक्तीकरण के लिए भी लगातार कार्य कर रही है।
12 अगस्त तक आमजन के लिए खुला रहेगा मेला
कृषि विभाग, जनसंपर्क विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेला 11 और 12 अगस्त को टाउन हॉल नागौर में आमजन के लिए नि:शुल्क खुला रहेगा।
आमजन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शनी और मेले का अवलोकन कर सकेंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर तिरंगा प्रदर्शनी देखने और राष्ट्रीय ध्वज के गौरव एवं सम्मान से जुड़ी जानकारी हासिल करने की अपील की है।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राम रतन सौंकरिया और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत सिंह गोदारा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।