लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चलती कार में तकनीकी खराबी से बिगड़ा संतुलन
नावा सिटी | रिपोर्टर: मनीष पारीक।
नावा सिटी | नावा सिटी के समीप आबास ग्राम के पास मंगलवार को एक सड़क हादसे में कार पलटने से दो युवक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार चलती कार में अचानक तकनीकी खराबी आ जाने से चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटते हुए खाई के पास खेत की मेड़ पर जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद की। ग्रामीणों ने तत्काल आपातकालीन सेवा 108 एम्बुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए नावा उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सालय में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. श्रवण नायक ने दोनों युवकों की जांच की। चिकित्सकों के अनुसार हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोट नहीं आई है और उन्हें केवल मामूली चोटें लगी हैं।
प्राथमिक उपचार के बाद आवश्यक दवाइयां देकर दोनों युवकों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उन्होंने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी युवक सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जान-माल की बड़ी हानि नहीं हुई।