लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
— अच्छीनाथजी महाराज मेवड़ा व पादूकलां जोगेश्वर धाम में भक्तिमय माहौल
जोगेश्वर धाम पर 101 साधु-संतों की भव्य जमात, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत — सम्पूर्ण भारत भ्रमण पर निकली संत जमात
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क, पादूकलां
सिद्ध पुरुष राजा भरतहरी की तपोस्थली श्री अच्छीनाथजी महाराज मेवड़ा एवं पादूकलां जोगेश्वर धाम में सोमवार को नाथ संप्रदाय के सैकड़ों सन्यासी, योगी और जोगियों का भव्य समागम हुआ। कस्बे की राईको की ढाणी स्थित जोगेश्वर धाम पर दोपहर में 101 साधु-संतों की विशाल जमात के आगमन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने संतजनों का पुष्प वर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया। संतों के आगमन के साथ ही धाम परिसर में भक्ति, साधना और अध्यात्म की गूंज सुनाई देने लगी।
प्रमुख संतों की उपस्थिति
इस पावन अवसर पर मेवड़ा धाम के महंत पीर योगी लक्ष्मणनाथजी महाराज, पीर योगी मंगलनाथजी महाराज (राताढुड़ा), जोगेश्वर धाम के महंत योगी पर्वतनाथजी महाराज, योगी खुशीनाथजी महाराज (खोड़ापाई, हरियाणा) सहित अनेक प्रमुख संत उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर संतजनों का सम्मान किया तथा उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
संतजनों ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि गौ सेवा, साधु-संतों का सानिध्य और धर्माचरण ही जीवन का सच्चा मार्ग है। सेवा, सदाचार और भक्ति के पथ पर चलना ही मनुष्य जीवन का परम उद्देश्य है।
सम्पूर्ण भारत भ्रमण पर 101 संतों की जमात
नाथ संप्रदाय की यह 101 साधु-संतों की जमात सम्पूर्ण भारत भ्रमण पर निकली हुई है। यह जमात आज राताढुड़ा से पादूकलां पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने इसका भव्य स्वागत किया। यहां से शाम को जमात सातलावास व मेड़ता सिटी के लिए प्रस्थान करेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
इस अवसर पर श्री श्री 1008 पीर मंगलनाथजी महाराज, मेवड़ा धाम के महंत पीर योगी लक्ष्मणनाथजी महाराज, एवं महंत योगी पर्वतनाथजी महाराज की अगुवाई में विभिन्न अखाड़ों और मठों से पहुंचे संतों ने जोगेश्वर धाम में दर्शन, पूजन और आरती की।
नाथ संप्रदाय की परंपरा और महिमा
महंत पीर योगी लक्ष्मणनाथजी महाराज और योगी पर्वतनाथजी महाराज ने बताया कि नाथ संप्रदाय भारत का प्राचीन हिंदू पंथ है, जो हठयोग साधना पर आधारित है। इसके प्रथम गुरु भगवान शिव माने जाते हैं, जबकि गुरु मत्स्येंद्रनाथ और गुरु गोरखनाथ ने इसके प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुष्कर मेले से लौटे संतों का आगमन
अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले से लौटे संतजनों ने पहले पुष्कर सरोवर में स्नान किया, तत्पश्चात मेवड़ा आसन स्थित अच्छीनाथजी महाराज पादूकलां जोगेश्वर धाम के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में बाबूलाल सैन, संदीप सोनी, ओमप्रकाश देवासी, तेजाराम देवासी, अमराराम कारेल, कैलाशनाथ, बशीनाथ, मुकेश पारीक, मुकेश माली, जोगीराम हिंलु, कर्माराम लेगा, नोरत मेघवाल, पुरखा राम बावरी, देव माकड़, महिपाल माकड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।