लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: प्रदीप कुमार डागा
नागौर। जिले के होनहार छात्र मुकुंद व्यास ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले और समाज का नाम रोशन किया है।
श्री महर्षि जनार्दन गिरि पुष्टिकर माध्यमिक विद्यालय के पूर्व छात्र मुकुंद व्यास को सत्र 2024-25 में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 9.49 सीजीपीए के साथ उत्तीर्ण होने पर 19 मार्च को जोधपुर में आयोजित दीक्षांत समारोह में हरिभाऊ किसनराव बागड़े द्वारा स्वर्ण पदक एवं उपाधि प्रदान की गई।
मुकुंद की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार सहित पुष्टिकर समाज में हर्ष की लहर है। विद्यालय में उनके सम्मान में आयोजित समारोह में साफा, माला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष विजय शंकर व्यास, समाज अध्यक्ष गोविंद लाल मूथा एवं पुखराज व्यास ने मुकुंद की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम का संचालन आनंद पुरोहित द्वारा किया गया। इस दौरान महेंद्र सिंह चारण सहित अन्य वक्ताओं ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि मुकुंद व्यास प्रारंभ से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में 10वीं कक्षा 93.67 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में मुकुंद व्यास ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने लिए प्रेरणा का स्रोत बताया और भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प जताया।