लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मंडी श्रमिक कल्याण योजना के 5 मामलों में ₹3.04 लाख मंजूर
चौमहला कृषि उपज मंडी में सहायता समिति की बैठक, पात्र किसानों और मंडी श्रमिकों को समयबद्ध राहत देने पर जोर
चौमहला (झालावाड़)। चौमहला कृषि उपज मंडी में कृषि उपज मंडी समिति के प्रशासक एवं उपखंड अधिकारी ओम प्रकाश चंदोलिया की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना के तहत सहायता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा कर पात्र हितग्राहियों के लिए आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई।
बैठक में मंडी सचिव चेतन दान सहित संबंधित अधिकारियों ने योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की। समिति ने पात्रता के आधार पर सहायता स्वीकृत करते हुए जरूरतमंद किसानों और मंडी श्रमिकों को शीघ्र लाभ पहुंचाने का निर्णय लिया।
बैठक में मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना के तहत 6 प्रकरणों में कुल ₹10.10 लाख की सहायता राशि स्वीकृत की गई। वहीं महात्मा ज्योतिबा फुले मंडी श्रमिक कल्याण योजना के अंतर्गत 5 प्रकरणों में मंडी हमालों के लिए कुल ₹3.04 लाख की आर्थिक सहायता मंजूर की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने दोनों योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक किसानों एवं मंडी श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार की इन कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य किसानों और मंडी श्रमिकों को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक संबल प्रदान करना है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर राहत मिल सके और उनकी सामाजिक सुरक्षा मजबूत हो।
