Home latest मुख्यमंत्री ने राम जल सेतु लिंक परियोजना के चंबल एक्वाडक्ट का किया...

मुख्यमंत्री ने राम जल सेतु लिंक परियोजना के चंबल एक्वाडक्ट का किया निरीक्षण

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

17 जिलों को मिलेगा जल लाभ

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को बूंदी जिले की इंद्रगढ़ तहसील के गुहाटा गांव पहुंचकर राम जल सेतु लिंक परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन चंबल एक्वाडक्ट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राम जल सेतु लिंक परियोजना राज्य सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है, जिससे पूर्वी राजस्थान के 17 जिलों में पेयजल और सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से प्रदेश की लगभग 40 प्रतिशत आबादी को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से और निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि परियोजना के हर चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि चंबल एक्वाडक्ट कोटा जिले के पीपल्दा समेल गांव और बूंदी जिले के गुहाटा गांव के बीच चंबल नदी पर बनाया जा रहा है। इसकी कुल लंबाई 2,280 मीटर है और इसका निर्माण 5,060 पाइलों तथा 77 पाइल कैप्स पर किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि एक्वाडक्ट में औसतन 384 गोलाकार पियर बनाए जा रहे हैं, जिसके माध्यम से चंबल नदी के ऊपर जल प्रवाह सुनिश्चित किया जाएगा। इससे न केवल जल आपूर्ति संभव होगी, बल्कि नदी पर आवागमन की सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने एक्वाडक्ट पीयर का पूजन किया तथा प्रोजेक्ट साइट पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version