लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झालावाड़ बार एसोसिएशन चुनाव:
झालावाड़। अभिभाषक परिषद झालावाड़ में अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर हुए चुनाव में अधिवक्ताओं के बीच कड़ा और रोचक मुकाबला देखने को मिला। बार एसोसिएशन अध्यक्ष पद के लिए हुए चतुष्कोणीय मुकाबले में मुकेश शर्मा भाया ने 49 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
अध्यक्ष पद के चुनाव में मुकेश शर्मा भाया के मुकाबले लोकेंद्र सिंह सिसोदिया, जाकिर बेग और अजय गुप्ता मैदान में थे। मुकेश भाया को कुल 145 मत प्राप्त हुए, जबकि लोकेंद्र सिंह सिसोदिया को 96 मत, अजय गुप्ता को 31 मत और जाकिर बेग को 4 मत मिले। कुल 300 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
गौरतलब है कि मुकेश शर्मा भाया गत वर्ष अध्यक्ष पद के चुनाव में मात्र एक मत से पराजित हुए थे। इस बार उन्होंने दोबारा मैदान में उतरते हुए निर्णायक जीत हासिल की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश शर्मा भाया ने कहा कि वे अभिभाषक परिषद की जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे और अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने कोर्ट परिसर में पार्किंग व्यवस्था, नए अधिवक्ताओं के लिए स्थान उपलब्ध कराने और विद्युत व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर भी आश्वासन दिया।
अन्य पदों के परिणाम
-
उपाध्यक्ष पद पर कुलदीप गुर्जर ने विवेक जोशी को 36 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की।
-
महासचिव पद पर सौम्य परिहार ने रवि मिश्रा को 29 मतों से हराया।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ताओं में उत्साह देखने को मिला। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया और फूल मालाएं पहनाकर बधाई दी गई।
