लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर, अलवर | रिपोर्टर: संजीव बंसल
कठूमर (अलवर)। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 21 दिसंबर को किया जाएगा। इसके सफल आयोजन और अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण को लेकर तालुका विधिक सेवा समिति, कठूमर द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसी क्रम में तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं अपर जिला न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया तथा अति. मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट युधिष्ठर मीणा ने न्यायालयों में लंबित बैंक, बीमा एवं फाइनेंस कंपनियों से संबंधित प्रकरणों में प्रीकाउंसलिंग की।
प्रीकाउंसलिंग के दौरान अधिवक्ताओं और पक्षकारों को आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों के त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से समय और धन दोनों की बचत होती है तथा विवादों का स्थायी समाधान संभव होता है।
इस अवसर पर अधिवक्ता सुभाष अरूंआ, भीमसिंह गुर्जर, थानसिंह कर्दम, बलवीर चौधरी, लालचंद जाट, तेजसिंह राठी सहित तालुका विधिक सेवा समिति की सचिव रुचि शर्मा, योगेश एवं अन्य पक्षकार उपस्थित रहे।
