लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
21 जुलाई के ‘संसद चलो’ अभियान की तैयारियों पर होगी चर्चा
डीग। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा के निर्देशानुसार प्रदेशभर में आयोजित की जा रही जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठकों के क्रम में महिला कांग्रेस की जिला संगठनात्मक बैठक 15 जुलाई 2026 को डीग जिले की कुम्हेर तहसील के भटावली गांव में आयोजित की जाएगी। बैठक महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष एडवोकेट श्वेता यादव के नेतृत्व तथा डीग प्रभारी तस्लीम बेगम की अध्यक्षता में होगी।
जिला अध्यक्ष एडवोकेट श्वेता यादव ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला स्तर पर महिला कांग्रेस संगठन को अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाना, संगठन का विस्तार करना तथा अधिक से अधिक महिलाओं को महिला कांग्रेस से जोड़ना है। इसके साथ ही आगामी संगठनात्मक गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।
बैठक में जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्षों, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के अलावा राजनीतिक और सामाजिक रूप से सक्रिय महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा, रिक्त पदों की जानकारी, संगठन विस्तार तथा महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
बैठक में 21 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र के दौरान अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित “संसद चलो” अभियान एवं प्रस्तावित विशाल प्रदर्शन की तैयारियों पर भी विशेष रणनीति बनाई जाएगी। अधिक से अधिक महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने, जिला स्तर पर समन्वय स्थापित करने और आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
प्रदेश महिला कांग्रेस ने सभी जिला पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों एवं महिला कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक बैठक में समय पर उपस्थित होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा “संसद चलो” अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।
